बदायूं। शनिवार को कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में डीएम दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अंतर विभागीय समन्वयक व जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि संचारी रोग नियंत्रण के तहत आशाएं घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। सभी लोग घरों में रखे कूलर का पानी नियमित बदलते रहें। घर में या उसके आसपास पानी को जमा न होने दें, जिससे मच्छर न पनपने पाएं।
डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि इस विशेष जागरूकता अभियान के तहत कार्य में रुचि न लेने वाली आशाओं की सेवा समाप्ति की जाए। गांवों में झोलाछाप की दुकान किसी हाल में नहीं खुलनी चाहिए। यदि कोई झोलाछाप गांव में दुकान चला रहा है तो उसकी सूचना थाने में देकर उसे हवालात में बंद कराया जाए। उन्होंने डीपीआरओ डॉ. शरनजीत कौर को निर्देश दिए कि गांवों की नियमित सफाई होती रहे। कहीं भी किसी प्रकार की गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। उन्होंने मलेरिया विभाग को निर्देश दिए कि गांव में नियमित एंटी लारवा का छिड़काव व फॉगिंग कराते रहें। सभी पीएचसी व सीएचसी प्रभारी गर्भवती महिलाओं का रजिस्टर बनाकर अपने पास रखें। प्रतिदिन आने वाली महिलाओं का ब्योरा उसमें दर्ज करें। इस मौके पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मंजीत सिंह, डॉ. अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।