बदायूं/मूसाझाग। अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय करने वाले झोलाछाप के खिलाफ लंबे समय के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएमओ की ओर से मूसाझाग थाने में शनिवार को 69 झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह सभी बिना किसी डिग्री, रजिस्ट्रेशन के क्लीनिक चला रहे थे। कार्रवाई से झोलाछाप में अफरातफरी है।
जिले में झोलाछाप की भरमार किसी से छिपी नहीं है। इन दिनों संक्रामक रोगों का प्रकोप चल रहा है। अब तक जिले में बुखार से सौ से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इनमें कई लोग तो झोलाछाप के चंगुल में फंसकर जान गवां चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की झोलाछाप नियंत्रण सेल पर भी उंगलियां उठ रही थीं। प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मूसाझाग थाना क्षेत्र में झोलाछाप के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 69 ऐसे लोगों को क्लीनिक चलाते पकड़ा गया जिनके पास चिकित्सा व्यवसाय की कोई डिग्री या रजिस्ट्रेशन नहीं था। जांच-पड़ताल के बाद इन सभी के खिलाफ मूसाझाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि जिले भर में झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अनाधिकृत रूप से चिकित्सा पेशा करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
अलापुर में भी पकड़े 10 झोलाछाप, दर्ज होगी रिपोर्ट
अलापुर। अवैध रूप से चिकित्सा पेश करने वाले झोलाछाप के खिलाफ अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अलापुर थाना क्षेत्र में भी 10 झोलाछाप को पकड़ा है। सीएमओ की ओर से इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी गई है। शनिवार देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।