बदायूं। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी ने लोगों को जीना मुहाल कर रखा था। लोग दिन में पेड़ों की छांव तलाशते नजर आते थे, हालात ये थे कि बिजली जाते ही लोग पसीने से तर हो रहे थे। कभी कभी छाने वाले बादलों ने उमस और ज्यादा बढ़ा दी थी। रविवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे से आसमान पर काले बादल छाने लगे। इससे मौसम में परिवर्तन देखने को मिला। शाम को बारिश शुरू हो गई। लगभग आधा घंटा पड़ी बारिश ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी। बारिश की वजह से सड़क पर कुछ जगहों पर जलभराव भी हो गया, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आधे घंटे की बारिश के बाद में कुछ देर तक तो लोगों को गर्मी से निजात मिली, लेकिन बाद में फिर से उमस बढ़ गई।
बिल्सी। नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने, मोहल्ला संख्या आठ एवं बिजलीघर रोड पर चोक पड़े नालों में बरसात का पानी का उचित निकास न होने के कारण घर एवं दुकानों में घुस गया, साथ ही कई घंटों तक सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी रही, जिससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि पालिका द्वारा नालों की उचित सफाई नहीं कराए जाने के कारण वह गंदगी से चोक पड़े हुए है। मामूली बरसात होने पर का पानी लोगों के घर एवं दुकानों में भर जाता है। यहीं नहीं बरसात में अक्सर सड़कों पर कीचड़ के साथ गदंगी भी जमा हो जाती है, जिससे लोगों को निकलने में काफी परेशानी होती है। इसको लेकर कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत की गई है। मगर किसी ने इस समस्या पर कोई गौर नहीं किया।