बदायूं। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पर एक विवाहिता की लाश सुपुर्दगी में लेने के लिए मायके और ससुराल वालों में तीखी झड़प हो गई। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बमुश्किल शांत कराया। बाद में विवाहिता के मायके वाले ही शव को ले गए।
बिल्सी कस्बे के मोहल्ला नंबर एक में बुधवार को कपड़ों पर प्रेस करने के दौरान रेशमा (22) पत्नी सलमान की करंट लगने से मौत हो गई थी। इसकी सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई थी। रेशमा की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। मायका उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर में है। शाम तक दोनों पक्षों के बीच फैसले की बात चलती रही लेकिन मामला नहीं सुलझ सका। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, गुरुवार दोपहर तक रेशमा के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। तब तक मायके और ससुराल वाले शव को अपने-अपने घर ले जाने की जिद करने लगे। लाश के साथ आई महिला पुलिस कर्मी और एक कांस्टेबल दोनों परिवारों के बीच झड़प देखकर घबरा गए। उन्होंने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जिस पर सिविल लाइंस थाने से एसआई अनिल कुमार और प्रणव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की। बाद में मायके वालों के ही शव को ले जाने की बात पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई, जिस पर मामला शांत हो गया। पुलिस ने भी पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके वालों के हवाले कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण बिजली का करंट लगना ही बताया गया है।