बदायूं। जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनता की भलाई में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छोटे-छोटे बंद पड़े मिनी उद्योगों को शुरू करने जा रही है। जिले में जो उद्योग चल रहे थे, जिससे लोगों को रोजी-रोटी मिल रही थी। उनको बढ़ावा देने का काम सरकार करेगी। बदायूं जिले में भी दरी और जरी का कार्य होता है। उनका सहयोग किया जाएगा।
बुधवार को जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कछला में रहने वाले कुष्ठ रोगियों को आवास मुहैया कराया जाएगा। सरकार ने शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना चलाई है। इस योजना के तहत गरीबों को 18211 आवास दिए गए हैं। तो वहीं 4666 नए आवास भी स्वीकृत हुए हैं। गरीब मजदूरों को मनरेगा के तहत काम दिया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को किसान सम्मान योजना के तहत छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं। अब क्रेडिट कार्ड की क्षमता बढ़ा दी गई है। किसानों को डेढ़ लाख तक का क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए कोई गारंटी नहीं देनी पड़ेगी।
उन्होंने सौभाग्य योजना के बारे में भी बताया। कहा कि इस योजना के तहत हर गरीब के घर में रोशनी हुई है। उन्होंने पराग दुग्ध डेयरी फिर से शुरू करने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग, वृद्धावस्था पेंशन तीन सौ से बढ़ाकर पांच सौ रुपये कर दी गई है। अटल पेंशन योजना के तहत भी लाभ दिया जा रहा है। सामूहिक विवाह कराने के दौरान जातपात का भेद मिटा दिया है। सरकार ने 2166 अनुसूचित जाति, 872 सामान्य वर्ग, 4412 पिछड़ा वर्ग और 1469 अल्पसंख्यक बेटियों की शादी कराई है।
इस दौरान डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, सीडीओ निशा अनंत और भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य भी मौजूद रहे।