उसावां। पुलिस थाना एवं दुर्गा माता मंदिर के सामने खाली पड़ी भूमि पर बनने वाले रोडवेज बस शेल्टर स्टॉपेज की जगह का उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के इंजीनियरों की टीम ने निरीक्षण किया। उनके मुताबिक दो दिन बाद स्टॉपेज का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा ।
बुधवार को लखनऊ से उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के इंजीनियर विजय अग्रवाल और एआरएम राजेश कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण किया। एआरएम ने बताया कि भाजपा के क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह के प्रयासों एवं उसावां चेयरमैन धीरेन्द्र पाल गुप्ता के सहयोग से कस्बे में रोडवेज बस शेल्टर स्टॉपेज की मंजूरी मिल गई थी। चेयरमैन द्वारा पुलिस थाना व दुर्गा मंदिर के सामने पड़ी खाली जमीन इसके लिए चयनित कर दी थी। बुधवार शाम लखनऊ से आए इंजीनियरों की टीम ने जगह देखी। रोडवेज बस शेल्टर स्टॉपेज बन जाने से क्षेत्रीय लोगों को काफी फायदा होगा। ब्यूरो