बदायूं। जिले के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़े, इसके लिए अब मक्का खरीद सेंटर भी खोले गए हैं। फिलहाल उझानी, म्याऊं और बिल्सी में सेंटर बनाए गए हैं। आगामी 15 अक्तूबर से मक्का की खरीद शुरू की जाएगी।
शासन की मंशा है कि किसानों को उनकी उपज के उचित दाम मिल सकें। ऐसे में शासन स्तर से लगातार काम किया जा रहा है। इसके तहत जिले में मक्का क्रय केंद्र खोलने को मंजूरी देते हुए समय सारिणी भी जारी कर दी है। 15 अक्तूबर से मक्का की खरीद शुरू की जाएगी। हालांकि शासन स्तर से लक्ष्य का निर्धारण नहीं किया गया है। विभाग की माने तो जिला खरीद अधिकारी नामित करने के संबंध में पत्रावली डीएम को भेजने की कार्रवाई चल रही है। सरकार की ओर से मक्का खरीद करने के लिए हर साल समर्थन मूल्य की घोषणा की जाती है। इस बार भी सरकार ने समर्थन मूल्य की घोषणा कर दी है, जो पिछले साल के मुकाबले 60 रुपये ज्यादा है। पिछले साल 17 सौ रुपये क्विंटल सरकारी रेट पर मक्का खरीद की गई थी, जबकि इस बार 1760 रुपये प्रति क्विंटल पर मक्का खरीदी जाएगी।
शासन की ओर से मक्का खरीद के समर्थन मूल्य घोषित कर दिया है। इस बार समर्थन मूल्य 1760 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। बिल्सी, उझानी, म्याऊं में सेंटर खोले गए हैं।
-प्रकाश नारायण, जिला विपणन अधिकारी