बदायूं। शहर के नावादा इलाके में सिटी मजिस्ट्रेट के अर्दली ने पारिवारिक कलह के चलते अपने घर में सोमवार को फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देख तत्काल नीचे उतारा और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने अर्दली की हालत अब खतरे से बाहर बताई है।
38 वर्षीय अर्दली नरेंद्र ने दोपहर के समय अपने घर के कमरे में यह कदम उठाया। उसे फंदे पर लटकता देख परिवार के सदस्यों ने तुरंत कार्रवाई की। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर बिना देर किए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। कलक्ट्रेट के नाजिर अतुल ने बताया कि अर्दली सिटी मजिस्ट्रेट के यहां तैनात थे। उन्हें करीब पंद्रह दिन पहले ही सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालय में नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह नजारत विभाग में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि अर्दली परिवार में चल रहे आपसी विवादों से काफी परेशान थे। इस मामले में परिवार के सदस्य और अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह ने बताया कि अर्दली सोमवार को अवकाश पर था। उन्होंने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है। सिविल लाइंस पुलिस ने भी ऐसी किसी घटना की सूचना मिलने से मना किया है।