बदायूं। शहर से सटे इलाकों में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही है। इसकी सूचना जब डीएम को मिली तो उनके निर्देश पर पुलिस, प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों ने मीरा सराय में एक पार्किंग स्थल पर बुधवार देर रात छापा मारा। वहां पर ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट समेत कई ई-रिक्शा खड़े मिले, जो कि चोरी की बिजली से चार्ज होते मिले। ऐसे में विभागीय अधिकारियों द्वारा पार्किंग मालिक तनवीर हसन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। तनवीर नगर पालिका के पूर्व सभासद भी है।
डीएम दिनेेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि शहर से सटे मीरा सराय में बने पार्किंग स्थल में अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्जिंग किए जा रहे हैं। इस पर डीएम ने वहां छापा मारने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन राम निवास शर्मा के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट केके अवस्थी, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर, एसडीएम सदर पारस नाथ मौर्य, पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन यूसी सोनकर समेत कोतवाली, सिविल लाइन पुलिस देर रात छापा मारने को पहुंची। इस दौरान टीम को ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट लगा मिला, ई-रिक्शा भी खड़े थे, साथ ही बिना कनेक्शन के बिजली चोरी की जा रही थी।
मंगलवार को हो गई थी युवक की मौत
शहर के मुहल्ला मीरा सराय निवासी जावेद नामक युवक की ई-रिक्शा चार्ज करते समय मंगलवार रात को करंट लगने से मौत हो गई थी। चर्चा है कि जावेद का ई-रिक्शा भी तनवीर की ही पार्किंग में चार्ज हो रहा था। बताया जाता है कि रिक्शा चार्ज करने के एवज में प्रति रिक्शा सौ रुपये की वसूली की जाती थी।