बदायूं। भैंस खरीदने अलापुर जा रहे बरेली के एक युवक के 70 हजार रुपये उनके साथ टेंपो में बैठे जेब कतरों ने उड़ा लिए। हाथ साफ करने के बाद जेब कतरे टेंपो से उतरते ही साथी की बाइक पर सवार होकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने रास्ते के सीसीटीवी भी चेक किए। पीड़ित ने थाना सिविल लाइन पुलिस को घटना की तहरीर सौंपी है।
बरेली के रहने वाले नेकपुर जीराज मंगलवार को भैंस खरीदने के लिए अलापुर जा रहे थे। पुलिस लाइन चौराहे से वह अलापुर जाने को टेंपो में सवार हुए। बताया कि पुलिस लाइन चौराहे से उनके अगल-बगल दो अन्य लोग आकर बैठ गए। दोनों आपस में परिचित मालूम हो रहे थे। थोड़ा आगे चलकर ओवरब्रिज पार करते ही दोनों अचानक टेंपो से उतरकर भाग निकले। जीराज को शक हुआ तो उन्होंने अपनी जेब में रखे रुपये गिने। उनके मुताबिक उसमें 70 हजार रुपये कम थे। उन्होंने दोनों का पीछा किया लेकिन बाइक सवार एक अन्य युवक के साथ भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चैक कराए। बाइक की पहचान कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जीराज भैंस खरीदने को अलापुर जा रहा था। उसके पास एक लाख 80 हजार रुपये थे। इनमें एक जेब में रखे 70 हजार रुपये गायब थे। सीसीटीवी फुटेज को देखा गया है। जीराज ने फुटेज में आई बाइक को पहचान लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। - ओपी गौतम, एसओ सिविल लाइन