बदायूं। शासन की ओर से जिले के 640 पीएमश्री उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों को शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के लिए 12 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस बजट से लगभग 80,013 छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। टीएलएम के माध्यम से बच्चों की बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ शिक्षण में रुचि भी बढ़ेगी।
राज्य परियोजना निदेशक कंचन वर्मा की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा गया है। इसमें कहा कि टीएलएम का उद्देश्य बच्चों को जटिल विषयों को सरल, रोचक रुप से समझने योग्य बनाना है। इसके तहत स्कूलों में चार्ट, मॉडल, गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री आदि उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे न सिर्फ छात्र-छात्रों की समझ बढ़ेगी, बल्कि कक्षा में उनकी सक्रियता और भागीदारी भी बढ़ेगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन की ओर से जारी निर्देशों के बारे में सभी चयनित विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा कि तय मानकों के अनुसार सामग्री की खरीद करें और उसका नियमित उपयोग करें। अधिकारियों के अनुसार टीएलएम के प्रभावी उपयोग से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में गुणात्मक सुधार होगा।
इस सामान की न करें खरीद
-शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार सामान्य स्टेशनरी जैसे, चॉक, डस्टर, पेन, पेन स्टैंड, कॉपी, किताब, परीक्षा की कॉपियां, डस्टबिन, झाडू, डस्टपैन, सजावट, साज-सज्जा का सामान, डायरी, घड़ी, मेजपोस, रुमाल, तौलियां, कप, गिलास, फर्स्ट एंड बॉक्स, हैंडवॉश, साबुन, साउंड सिस्टम, झांडे, ताला आदि नहीं खरीदा जाएगा।