उसहैत में सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद घटनास्थल पर विलाप करते परिजन। संवाद
उसहैत। घर के बाहर खेल रहे छह साल के बच्चे को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। साथ ही थाने में हंगामा करते हुए घेराव किया। चालक पर कठोर कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कस्बे के वार्ड एक के रहने वाले किशन पाल का छह वर्षीय बालक आनंद बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे घर के दरवाजे के पास खेल रहा था। इसी दौरान वार्ड छह का रहने वाला शमशाद तेज गति से ट्रैक्टर लेकर आया। उसकी टक्कर से आनंद की मौत हो गई। लोगों ने चालक को पकड़ा तो वह शराब के नशे में था। कार्रवाई की मांग करते हुए परिजन थाने पहुंचे और घेराव करते हुए हंगामा किया। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने परिजनों को कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तो वह शांत हुए। थानाध्यक्ष का कहना है कि बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा होना स्वभाविक है। उनको कार्रवाई के बारे में समझाया गया तो वह शांत हो गए। तहरीर ले ली गई है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
उसहैत में सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद घटनास्थल पर विलाप करते परिजन। संवाद