कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव हरहरपुर में बृहस्पतिवार शाम ट्रैक्टर की टक्कर से एक बालक की मौत हो गई। चालक अपना ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव पोस्टमार्टम को भेजना चाहा तो परिवारवालों ने इनकार कर दिया।
गांव हरहरपुर निवासी जुगेंद्र का पांच वर्षीय बेटा पवन बृहस्पतिवार शाम अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। उसी समय उनके पड़ोस का व्यक्ति अपना ट्रैक्टर लेकर उधर से गुजरा। जुगेंद्र का घर मोड़ पर बना हुआ है। ट्रैक्टर मुड़ने की बजाय जुगेंद्र के दरवाजे की सीड़ियों पर चढ़ गया, जिससे बालक को जोरदार टक्कर लग गई। उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे को देखकर चालक के हाथ पांव फूल गए। वह ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। परिवार वाले तुरंत बालक को स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर संजय गर्ग भी पहुंच गए। उन्होंने परिवार वालों से जानकारी चाही, लेकिन परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बताते हैं कि जुगेंद्र पानीपत में नौकरी करता है। हादसे की सूचना पर जुगेंद्र वहां से लौट रहा है।