कुंवरगांव (बदायूं)। इलाके में रविवार शाम घर के बाहर खेल रहे मासूम की ट्यूबवेल की कुंडी में डूबकर मौत हो गई। इससे परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। सोमवार सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम आजमगंज भांसी निवासी वीरेंद्र का ढाई वर्षीय बेटा सनी रविवार शाम घर के बाहर स्थित ट्यूबवेल के पास खेल रहा था। उस समय उसके साथ मोहल्ले के अन्य बच्चे भी खेल रहे थे। बताते हैं कि खेलते-खेलते पड़ोस के बच्चे अपने घर चले गए, लेकिन सनी वहीं खेल खेलता रहा। इधर, देर रात तक सनी घर नहीं लौटा तो परिवार वालों को उसकी चिंता हुई। तो उन्होंने बालक की तलाश शुरू कर दी। मोहल्ले के बच्चों से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि वह सनी के साथ ट्यूबवेल के पास खेल रहे थे। वह तो घर चले आए लेकिन सनी वहीं रह गया। यह सुनते ही परिवार वाले ट्यूबवेल की ओर दौड़े। जहां ट्यूबवेल की कुंडी में उसका शव पानी में उतराता हुआ मिला। यह देखकर परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। बालक के शव को निकालकर सोमवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद