बदायूं शहर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जिला विज्ञान क्लब की ओर से जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्श
बदायूं। जिला विज्ञान क्लब की ओर से बुधवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज की छाया ने वाहन दुर्घटना नियंत्रण प्रणाली का मॉडल बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चयनित विद्यार्थियों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला विज्ञान क्लब के सचिव लालजी यादव ने किया। प्रतियोगिता में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज गंगोला सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक मंडल में देवेंद्र सहाय, गिरधारी सिंह, जेपी वैश्य और शिवम शामिल रहे। प्रतियोगिता में संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज गंगोला के उदित गुप्ता ने ऑटोमेटिक स्ट्रीट सिस्टम बनाकर दूसरा और श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज के योगेश कुमार ने सोलर स्प्रे सिस्टम बनाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
राजकीय हाईस्कूल खुनक के ओम सागर स्मार्ट स्टिक के साथ चौथे और श्रेष्ठ पाल एंटी रेबीज कार के मॉडल के साथ पांचवें स्थान पर रहे। राजकीय इंटर कॉलेज की शीतल ने छठा और अनुष्का गुप्ता ने सातवां स्थान प्राप्त किया। राजकीय हाईस्कूल खुनक के अरुण आठवें स्थान पर रहे। अध्यक्षता कॉलेज की प्रधानाचार्या अल्पना कुमार ने की। संचालन क्लब समन्वयक विवेक जौहरी ने किया।