बदायूं। बिल्सी के चर्चित प्रेमी युगल हत्याकांड में पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें दो नाबालिग आरोपी भी शामिल हैं। वह इस समय बरेली के बाल सुधार गृह में हैं जबकि उनके पिता महेश, मां भागवती और दादा रामऔतार जेल में हैं।
दो जनवरी की सुबह बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव परौली में जयपाल उर्फ सचिन और उसकी प्रेमिका नीतू की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। दोनों पड़ोसी थे और एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह से जानते थे और प्यार करते थे। नीतू के परिवार वालों को यह मंजूर नहीं था।
करीब दो साल पहले नीतू घर तक छोड़कर जयपाल के पास हरिद्वार पहुंच गई थी लेकिन उस दौरान जयपाल के परिवार वाले ही उसको वापस लेकर आए थे। इसके बाद जयपाल काम करने हरियाणा चला गया। 31 दिसंबर को जयपाल घर आया था। एक जनवरी की रात नीतू अपने घर से निकलकर जयपाल के घर पहुंच गई।
दूसरे दिन तड़के दोनों घर से भागने वाले थे। सुबह 4:30 बजे नीतू का पिता महेश, उसकी मां भागवती, दादा रामऔतार और दोनों नाबालिग भाई हाथों में लाठी-डंडे और फावड़ा लेकर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा खटखटाकर दोनों को बाहर निकाला और वहीं दरवाजे के सामने दोनों की हत्या कर दी थी।
इसमें पुलिस महेश, भागवती और रामऔतार को जेल भेज चुकी है। दोनों नाबालिग भाई बरेली बाल सुधार गृह में हैं। थाना पुलिस ने तमाम साक्ष्यों और गवाहों को आधार बनाते हुए इस दोहरे हत्याकांड की विवेचना पूरी की है। अब इसमें पांचों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की गई है।
-
थाने में समर्पण किया पिता ने
प्रेमी युगल की हत्या करने वाले युवती के पिता महेश ने फावड़े के साथ थाने में समर्पण किया था। उसी दिन पुलिस ने हत्यारोपी मां भागवती को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद एक-एक करके दोनों नाबालिग भाई पकड़े गए थे। सबसे आखिर में नीतू का दादा रामऔतार पकड़ा गया था। उसके पास से आला कत्ल के रूप में लाठी बरामद हुई थी।
-
बिल्सी के परौली गांव का दोहरा हत्याकांड काफी गंभीर था। इसमें टीम लगाकर जल्द से जल्द विवेचना कराई गई। इसमें साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर चार्जशीट लगाई गई है। प्रयास करेंगे कि आरोपियों को जल्द से जल्द से सजा भी मिले।
- राम मोहन सिंह, एसपी देहात
नीतू।फाइल फोटो