बदायूं। अजय हत्याकांड के आरोपी आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव समीर सागर, उसके भाई अतुल कुमार उर्फ अतुल सागर और पिता रामेश्वर के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। अब मामला कोर्ट में चलेगा। आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस ने पैरवी शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मीरा सराय में 14 अगस्त की शाम को डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। मामला मारपीट से बढ़ते-बढ़ते फायरिंग तक पहुंच गया था। घटना के दौरान आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव समीर सागर अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक घर से लेकर आया और अजय पुत्र वीरेंद्र पाल सिंह पर लगातार तीन राउंड फायर कर दिए। एक गोली सीने में लगने से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच उसका भाई अतुल सागर भी लाठी-डंडे के साथ पहुंचा और उसने घायल अजय पर कई वार किए। शोर सुनकर परिजन आ गए तो आरोपी भाग गए। अजय को जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। चार दिन बाद इलाज के दौरान 18 अगस्त को अजय की मौत हो गई। अजय के पिता वीरेंद्र पाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने समीर सागर को घटना में इस्तेमाल बंदूक के साथ और कुछ दिन बाद अतुल व पिता रामेश्वर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि जांच में समीर और अतुल पर हत्या का आरोप सही पाया गया, जबकि पिता रामेश्वर की भूमिका लाइसेंसी बंदूक के दुरुपयोग में सामने आई। साक्ष्य और बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।