बदायूं एसएसपी से की मुलाकात
सूत्रों के अनुसार देर रात पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी साझा की। टीम ने हत्या मामले से जुड़े कुछ तकनीकी इनपुट और कॉल डिटेल संबंधी जानकारी भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद आवश्यक जानकारी लेने और मार्ग स्पष्ट होने पर टीम संभल जिले के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में हुए इस चर्चित हत्याकांड के बाद वहां की पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में कई राज्यों में दबिश दे रही है।
जांच एजेंसियां मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। इधर, देर रात बदायूं में अचानक पश्चिम बंगाल पुलिस के पहुंचने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हलचल बनी रही। हालांकि स्थानीय स्तर पर किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर पुलिस अधिकारी फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं।