बदायूं। रविवार शाम 7:30 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश लोनिया चौहान ने गंगा घाट का अचानक निरीक्षण किया। जाम के कारण वह चौराहे से पैदल और फिर डिग्री कॉलेज से होते हुए स्नान स्थल पहुंचे। निरीक्षण में खोया-पाया कैंप में एक कर्मचारी अनुपस्थित मिला। अध्यक्ष ने तत्काल उसका वेतन रोकने और उसकी जगह दूसरे कर्मचारियों की तैनाती के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि जलस्तर बढ़ने से कासगंज वाला घाट आधा बंद है। इसलिए सुबह तक नया स्नान स्थल तैयार होगा और 10 टेंट के रेन बसेरे भी बढ़ाए जाएंगे। संवाद
छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली, पूरे श्रावण माह चलेंगे कार्यक्रम
बदायूं। कछला जिला गंगा समिति और सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कैलाश धाम आध्यात्मिक ट्रस्ट के सहयोग से राधे लाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय से गंगा घाट कछला तक रैली निकाली। घाट पर कावंड़ियों के समूहों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कैलाश धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष संचित सक्सेना ने बताया कि डीपीओ जिला गंगा समिति के नेतृत्व में ये कार्यक्रम पूरे श्रावण माह आयोजित होंगे। इस दौरान कॉलेज स्टाफ, गंगा दूत और ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे। संवाद