नगर पालिका अध्यक्ष हाजी नूरउद्दीन ने नगर की बेहतर सफाई व्यवस्था और रोजाना कूड़े के उठान के लिए दो ट्रैक्टरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि नियमित सफाई के साथ-साथ कूडे़ का उठान कराएं, उठान न होने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पालिका अध्यक्ष हाजी नूरउद्दीन ने गुरुवार को नगर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कूड़े के रोजाना उठान के लिए पालिका की ओर से खरीदे गए दो ट्रैक्टरों को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने पालिका के सफाई कर्मचारियों से कहा कि नगर में कहीं भी गंदगी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। बताया कि लंबे समय से नगर की सफाई व्यवस्था के साथ ही कूड़े के उठान के लिए पालिका के पास पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं थे जिस कारण लगातार शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर की बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए दो ट्रैक्टर पालिका की ओर से खरीदकर सफाई कार्य में लगाए गए हैं। इस मौके पर सफाई निरीक्षक श्याम सिंह, अनीस अहमद, विनोद पाल, अब्दुल फरीद खां, मुगीश अहमद, अंसार हुसैन, अनवार असलम, खुर्शीद अहमद, नाजिम, इशहाक हुसैन आदि मौजूद रहे।