बदायूं। टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की रविवार शानदार जीत की खबर मिलते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
शहर के प्रमुख स्थल रानी लक्ष्मीबाई चौक पर श्री भगवा सेना और युवा मंच संगठन के तत्वावधान में भारतीय टीम की जीत का भव्य जश्न मनाया गया। इस दौरान युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल आए। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय क्रिकेट टीम जिंदाबाद” के नारों से पूरा चौक देशभक्ति के रंग में रंग गया।
युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। कई युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए टीम इंडिया के खिलाड़ियों के प्रति आभार जताया। कहा कि भारतीय टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर मौजूद लोगों ने कहा कि भारतीय टीम की यह जीत देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण है। खिलाड़ियों की मेहनत, टीम भावना और शानदार खेल की बदौलत भारत ने यह उपलब्धि हासिल की है। टीम इंडिया की इस सफलता ने देशवासियों के दिलों में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया है।
कार्यक्रम के दौरान ध्रुव देव गुप्ता, अजय दिवाकर, अर्जुन कुमार, नितिन दिवाकर, अर्जुन शाक्य, लकी भाई, राजा दिवाकर, ललित कुमार सहित
मैच शुरू होने के बाद मोबाइल और टीवी से नहीं हटाई नजर
बदायूं। टी-20 विश्व कप फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला गया। भारतीय टीम के पहले बल्लेबाजी करने पर क्रिकेट प्रेमी काफी खुश नजर आए। रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला शाम सात बजे शुरू हुआ। शहर और गांव में क्रिकेट प्रेमी टीवी और मोबाइल पर मैच देखते नजर आए। न्यूजीलैंड की टीम ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया तो दर्शक काफी खुश हुए।
क्रिकेट प्रेमियों ने फाइनल मैच देखने के लिए अपने सारे काम शाम 6 बजे तक ही निपटा लिए। शहर में लोगों ने परिवार के साथ चेहरे पर तिरंगा के स्टीकर लगाकर मैच देखा। उन्होंने हर चौके- छक्के पर शोर मचाकर खुशी व्यक्त की। क्रिकेट कोच ने कहा- न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाजी करने से भारत को फायदा हुआ। पहले बल्लेबाजी करने से ही भारत की विश्वकप जीत तय हो गई थी। हॉकी कोच सैय्यद अली ने कहा कि भारत को पहले बल्लेबाजी मिलने से ही 70 प्रतिशत फैसला भारत के पक्ष में आ गया था। संवाद
यज्ञ कर की टीम की जीत की प्रार्थना
बदायूं। टीम इंडिया की विजय और महिलाओं के सम्मान के निमित्त बाल संस्कार शाला के कैंप कार्यालय पर गायत्री महायज्ञ हुआ। गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने वेद मंत्र उच्चारण कर यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञ, प्रार्थना और सकारात्मक विचारों से वातावरण शुद्ध होता है। समाज में ऊर्जा व उत्साह का संचार होता है। इस दौरान देश की उन्नति और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की कामना की गई। इस मौके पर मृत्युंजय शर्मा, देवेंद्र पाल, दीप्ति आदि मौजूद रहीं। संवाद
टी-20 विश्व कप के मैच को देखते लोग। संवाद