सोमवार से जिले में डोर-टू-डोर पिलाई जाएगी पोलियो खुराक
पल्स पोलियो दिवस पर रविवार को जिले भर में पोलियो बूथ पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो दवा पिलाई गई। सीडीओ/प्रभारी डीएम शेषमणि पांडेय ने जिला महिला अस्पताल में फीता काटकर पोलियो बूथ का शुभारंभ किया। उन्होंने यहां नौनिहालों को पोलियो खुराक भी पिलाई। इसके बाद सीडीओ/प्रभारी डीएम ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया। यहां उन्होंने मरीजों का हाल जाना। महिला अस्पताल में बेडों पर गंदी चादरें देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। अभियान के दौरान रविवार को जिले में तीन लाख 75 हजार नौनिहालों को पोलियो खुराक पिलाई गई।
अस्पताल परिसर के निरीक्षण के दौरान सीडीओ/प्रभारी डीएम को यहां कई अव्यवस्थाएं मिलीं। अस्पताल परिसर में लगे बोर्ड झुके होने पर उन्होंने निर्देश दिए कि इसे सीधा कराया जाए। सीडीओ ने सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन हरित, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, रोटरी इंटरनेशनल के कार्यकर्ताओं समेत अन्य अधिकारियों के साथ पोलियो बूथ पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो दवा पिलाई। अधिकारियों को हिदायत भी दी कि बूथ दिवस पर शत प्रतिशत बच्चों को पोलियो दवा पिलाने की हर संभव प्रयास करें। बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तीन से सात जुलाई तक घर-घर जाकर पोलियो खुराक पिलाएंगे। वंचित बच्चों को 10 जुलाई को बी टीम की ओर से पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। सीडीओ ने निर्देश दिए कि पल्स पोलियो कार्यक्रम में सहयोग न करने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार की जाए। सीडीओ ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्र के पोलियो बूथों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।