-गुन्नौर, जुनावाई और रजपुरा के कई कर्मचारी नहीं पहुंचे
-जिले में 2011 में हुआ था 30 लाख रुपये का घोटाला
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) में हुए करीब 30 लाख रुपये के घोटाले के मामले में जांच कर रही सीबीआई ने जिले में मामले से जुड़े स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों से पूछताछ पूरी कर ली है। हालांकि, गुन्नौर, रजपुरा और जुनावाई पीएचसी-सीएचसी पर तैनात कुछ कर्मचारियों से पूछताछ बाकी रह गई है।
जिले में वर्ष 2011 में एनआरएचएम में घोटाला सामने आया था। मामले में जांच सीबीआई की देहरादून शाखा कर रही है। जांच एजेंसी ने जिले में 30 लाख रुपये का घोटाला अब तक ट्रेस कर लिया है। सीबीआई ने 19 दिसंबर से 23 दिसंबर 2016 तक स्वास्थ्य विभाग के 26 कर्मचारियों को पूछताछ के लिए देहरादून मुख्यालय बुलाया था। कुछ कर्मचारी इस अवधि में पूछताछ के लिए नहीं पहुंचे। इनको बाद में नोटिस जारी किए गए। जिले के सभी कर्मचारियों से जांच एजेंसी ने पूछताछ पूरी कर ली है। घोटाला के समय गुन्नौर तहसील भी बदायूं का हिस्सा थी। बाद में इसे नव सृजित संभल जिले में शामिल कर दिया गया था।
घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने गुन्नौर तहसील के रजपुरा, जुनावाई और गुन्नौर सीएचसी-पीएचसी से भी कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया था। इनमें कई कर्मचारी अब तक पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के देहरादून मुख्यालय नहीं पहुंचे हैं। सूत्रों की मानें तो अब तक पूछताछ में शामिल न होने वाले कर्मचारियों को नए सिरे से नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद भी वह पूछताछ में शामिल नहीं होंगे तो इनके खिलाफ वारंट जारी किए जाएंगे।
------
जिले से जिन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए सीबीआई ने बुलाया था। वह सभी पूछताछ में शामिल हो चुके हैं। गुन्नौर तहसील के कुछ कर्मचारियों के पूछताछ में शामिल नहीं होने की बात कही जा रही है। सीबीआई अपना काम कर रही है। मैं इस बारे में ज्यादा नहीं कह सकता।
-डॉ. नरेंद्र कुमार, एसीएमओ