भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे सीएमओ डॉ. दीपक सक्सेना का एक और कारनामा उजागर हुआ है। जाते जाते महीनों से लटकी पड़ी 18 आयुष डाक्टरों की नियुक्ति की सूची तैयार करा गए लेकिन अधिकारिक तौर पर सार्वजनिक होने से पहले यह सूची लीक हो गई है, जिससे मामला फंस गया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर इस पर सफाई देने से बच रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले में 18 आयुष डॉक्टरों की तैनाती होनी है। इसके लिए 25 फरवरी को साक्षात्कार हुए थे। इसके बाद लेन-देन का दौर शुरू हुआ। इस चक्कर में तीन महीने तक नियुक्तियों को दबाए रखा गया। 29 मई को शासन ने सीएमओ डॉ. दीपक सक्सेना और डिप्टी सीएमओ डॉ. बीपी सिंह के खिलाफ सरकारी सेवक नियमावली 1999 के नियम-7 के तहत करते हुए इनको हटा दिया। दोनों अधिकारियों पर जांच में प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए हैं। सीएमओ को अपने ऊपर कार्रवाई होने का अंदेशा हो गया था लिहाजा उन्होंने आनन-फानन में 18 डॉक्टरों की सूची तैयार करा दी। यह सूची लीक हो गई है। सूत्रों की मानें तो जिन डॉक्टरों के नाम इस लिस्ट में हैं, उनसे डील हो रही है। विभागीय जानकारों का कहना है कि भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे सीएमओ इस सूची को फाइनल नहीं कर सकते। इसके बावजूद खेल करते हुए डॉक्टरों की नियुक्ति देने का तानाबाना बुना जा रहा है।
सूची में शामिल हैं यह नाम-
1.डॉ. गुलफाम खां
2.डॉ. मोहम्मद आकिल
3.डॉ. मिर्जा इमाम बेग
4.डॉ. मुजाहिद खां
5.डॉ. फाजिल खां
6.डॉ. फिरासत मियां
7.डॉ. शोहेल खां
8.डॉ. मोहम्मद मुस्तकीम
9.डॉ. मोहम्मद यूसुफ
10.डॉ. संजीव मिश्रा
11.डॉ. चरन प्रिया
12.डॉ. कुलदीप सिंह
13.डॉ. विजय कुमार शर्मा
14.डॉ. हरवेंद्र यादव
15.डॉ. रंजन कुमार
16.डॉ. पंकज कुमार
17.डॉ. श्यामपाल सिंह
18.डॉ. मनोज राठौर
कोई भी कार्रवाई नियमों से हटकर नहीं होगी। सूची का लीक होना गंभीर मामला है। इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। -देवेंद्र सिंह कुशवाह सीडीओ/प्रभारी डीएम