बिनावर में दुकान में चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
बिनावर। थाना बिनावर क्षेत्र में चोरों ने सोमवार रात एक किराना की दुकान को निशाना बना लिया। यहां से चोर 15 हजार रुपये समेत 40 हजार का माल समेटकर ले गए। दुकान स्वामी को घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई। इससे पहले भी यही पर दो दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया था।
बिनावर कस्बा निवासी रामकुमार शर्मा की कस्बा बिनावर की शर्मा गली में किराना की दुकान है। सोमवार रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। दुकान की छत की टिनशेड को हटाकर चोर दुकान के भीतर दाखिल हुए। दुकान में रखे 15 हजार रुपये, रिफाइंड, चीनी दाल अन्य सामान सहित 40 हजार रुपये का माल समेट लिया। राजकुमार शर्मा मंगलवार को दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें मामले की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में रोष है।