उझानी। गांव करियामई निवासी संजीत ने न्यायालय के आदेश पर पत्नी को ले जाने और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए ओमपाल, पोहपी प्रधान, उझानी थाने में तैनात कांस्टेबल मनोज कुमार समेत एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संजीत ने न्यायालय में प्रार्थना देकर बताया कि उनकी पत्नी रंजू 10 मार्च को ओमपाल के साथ कछला क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम कर रही थी। इसी दौरान ओमपाल उसकी पत्नी को अपने घर ले गया। आरोप है कि पत्नी अपने साथ एक जोड़ी कुंडल, बेसर, टीका, सोने की हंसली, चांदी की पायल और 37,500 रुपये भी ले गई।
11 मार्च को पत्नी की तलाश में ओमपाल के घर पहुंचने पर वह वहां नहीं मिला। पुलिस के साथ तलाश करते हुए वह पोहपी प्रधान के घर पहुंचा, जहां पत्नी और ओमपाल मौजूद मिले। आरोप है कि पोहपी प्रधान ने पत्नी से बात नहीं करने दी। संजीत के साथ गए लोगों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मी मनोज कुमार आरोपियों के पक्ष में खड़े हो गए।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस से कार्रवाई न होने पर उसने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली। सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है। संवाद