बदायूं। एक विवाहिता ने पति पर ढोंगी बाबा बनने का आरोप लगाया है। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति समेत पांच पर केस दर्ज किया है।
थाना सहसवान क्षेत्र की विवाहिता नगला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में उसका निकाह कमर हसन निवासी मोहल्ला मुहीउद्दीनपुर, सहसवान से हुआ था। आरोप है कि कुछ समय बाद पति ने तांत्रिक व बाबा बनने का ढोंग रचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान वह अन्य महिलाओं के संपर्क में आ गया। विरोध पर उसके साथ लगातार मारपीट की गई।
महिला का यह भी आरोप है कि मायके से मिले सोने के जेवर गिरवी रख दिए। उन्हें छुड़ाने के नाम पर उसके पिता से 70 हजार रुपये भी वसूल लिए फिर भी जेवर नहीं छुड़ाए। 27 अप्रैल को जेवर वापस मांगने पर पति कमर हसन, जेठ जियाउल हसन, देवर आलमर हसन व ननद आबदा और रिजवाना ने उसकी पिटाई की।
आरोप है कि बेहोश होने पर आरोपियों ने उसे घर के बाहर सड़क पर फेंक दिया। मोहल्ले के लोगों ने उसे मायके तक पहुंचाया। पीड़िता ने बताया कि पहले मामले में समझौता कराया गया था, लेकिन आरोपियों ने समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया। एसएसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसमें जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।