बिसौली। पुराने विवाद को लेकर युवक को घेरकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कांशीराम आवास कॉलोनी निवासी बादल पुत्र राजाराम ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 16 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह गदरपुरा रोड स्थित भोले मिष्ठान भंडार के पास जा रहा था। इसी दौरान नक्की पुत्र जहीर, जुरे शेख पुत्र भोले शेख, जुबैर पुत्र जुरे शेख, सलीम पुत्र रियाजुद्दीन और फहीम पुत्र कल्लू समेत अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि नक्की ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़ित ने बताया कि पूर्व में हुए विवाद को लेकर उसे लगातार धमकाया जा रहा था।
सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद