संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिसौली कोतवाली पुलिस ने एक कंपनी के सेल्स अफसर की तहरीर पर नकली धान का बीच बेचने के मामले में विक्रेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बीज विक्रेता लंबे अर्से से कंपनी का रेपर इस्तेमाल कर नकली धान के बीच को बेच रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संभल जिले के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के वैष्णो बिहार निवासी हिमांशु शर्मा ने बिसौली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शक्ति सीड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। 11 जून को उन्हें सूचना मिली कि बिसौली क्षेत्र में चंदौसी रोड पर अरबाज खान की सुपर किसान बीज भंडार नाम से दुकान है। वह अपनी दुकान पर ताज धान का नकली बीज बेचा रहा है। इससे किसानों को फसल में नुकसान होगा।
विज्ञापन
इस सूचना के आधार पर वह अपनी टीम के विवेक चौहान, सोनू सिंह व विश्वजीत के साथ दुकान पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जब दुकान से ताज धान का बीज खरीदा तो वह नकली निकला। इस पर उन्होंने अरबाज खान से नकली बीज बेचने के पीछे का कारण पूछा तो वह मौके से भाग निकला।
इसके बाद उन्होंने डायल 112 की पुलिस को सूचना देकर बुलवाया। दुकान पर मौजूद रहीश नाम के व्यक्ति ने अरबाज खान से फोन पर बात कराई।
बौखलाए अरबाज खान ने उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और गाली गलौज की। सेल्स मैनेजर ने बताया कि आरोपी उनकी कंपनी के रेपर का इस्तेमाल कर नकली बीज बेचने का कार्य कर रहा था। पुलिस ने बीज विक्रेता के खिलाफ नकली बीज बेचने, धमकी व कॉपीराइट अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की हैं।