बदायूं। प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली पर बार-बार न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर एसीजेएम लीलु चौधरी ने केस पंजीकृत किया है। इस मामले में अगली सुनवाई अब 16 अक्तूबर को होगी।
मारपीट के एक मामले में समरा परवीन की तरफ से जुल्फिकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना का आदेश न्यायालय ने 17 अप्रैल 2023 को पारित किया था। इस संबंध में समरा परवीन ने न्यायालय में इस केस की प्रगति आख्या जानने के लिए प्रार्थना पत्र दायर किया।
फरवरी 2024 से न्यायालय लगातार इस वाद की प्रगति आख्या जानने के लिए थाना पुलिस को आदेशित कर रहा था, लेकिन थाना पुलिस ने कोई आख्या नहीं दी। तब संबंधित केस डायरी न्यायालय ने तलब की। पुलिस ने केस डायरी भी प्रस्तुत नहीं की। इसे लापरवाही मानते हुए बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट ने प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ केस पंजीकृत करने का आदेश पारित करते हुए लिखा कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के कृत्य से ऐसा प्रतीत होता है कि उनके द्वारा जानबूझ कर न्यायालय के आदेशों की अवहेलना की जा रही है। उनके विरुद्ध 349 का वाद पंजीकृत हो। नोटिस की प्रतिलिपि एसएसपी को तामील कराई गई है।