एटीएम में कैश खत्म होने पर कार्डधारकों का हंगामा
नोटबंदी का एक माह पूरा होने के बाद भी रुपये निकालने को लेकर परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को भी खाताधारकों को ऐसी परेशानी से जूझना पड़ा।
शहर में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में नोटबंदी के बाद से लगातार कैश मिल रहा है, लेकिन गुरुवार को एसबीआई में कनेक्टविटी न आने से वहां लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राहक दोपहर तक लाइन में इसी इंतजार में लगे रहे कि कनेक्टविटी आएगी तो उन लोगों को कैश मिल जाएगा। वहीं, एटीएम में कैश खत्म होने पर लाइन में लगे लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया तो बैंक कर्मियों ने आनन-फानन में एटीएम में कैश भरकर एटीएम को चालू किया।
पंजाब नेशनल बैंक की कुछ शाखाओं को छोड़कर अन्य शाखाओं में नियमित लेनदेन नहीं हो सका। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक, यूनियन बैंक, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया समेत कई बैंक शाखाओं में कैश न होने की वजह से बोर्ड टांग दिए गए। इससे वहां पर जाने वाले तमाम लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। एटीएम के बाहर भी रुपये निकालने वालों की लंबी लाइन लगीं नजर आईं।