बदायूं। परिवार में कहासुनी के बाद घर से निकले हजरतपुर थाना क्षेत्र के आजमपुर बिसौरिया के अभय प्रताप (26) का शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से लटका मिला।
पिता अवधेश सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार को अभय प्रताप का घर में किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। इसके बाद अभय घर से नाराज हो कर चला गया। देर शाम तक उसके घर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी कोशिश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं लगा। देर रात परिवार को सूचना मिली कि अभय का शव गांव के बाहर बाग में पेड़ पर लटका हुआ है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अभय के परिजनों ने बताया कि अभय प्रताप गाजियाबाद के साहिबाबाद में निजी कंपनी में नौकरी करते थे। इधर, सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि युवक का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।