दातागंज। शादी का सामान खरीदकर बरेली से टेंपो से लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव धरेली निवासी 40 वर्षीय कमला देवी पत्नी श्रीकृष्ण की रिश्तेदारी में शादी थी। रविवार को वह अपने रिश्तेदारों व पति के साथ बरेली से शादी का कपड़ा खरीदकर टेंपो से घर आ रही थी। दातागंज बरेली मार्ग पर धरेली और समरेर के बीच शाम करीब आठ बजे कार ने टेंपो की टक्कर का दी। इससे कमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। टेंपो में बैठे अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक को राहगीरों की मदद से पकड़ लिया। कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।