रहेड़िया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव रहेड़िया के पास एक महीना पहले आई आंधी में पाकड़ का पेड़ हाईवे के किनारे गिर गया। एक महीना बाद भी वन विभाग ने पेड़ को नहीं हटाया है। कई वाहन हादसे का शिकार होते होते बच गए। शिकायत के बाद विभाग की नींद नहीं खुली है।
बुधवार की शाम को एक कार ट्रक के बचाने के चक्कर में हाईवे किनारे पड़े इस पेड़ से टकराकर पलट गई। कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। हल्की चोट आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार से सभी को बाहर निकाला और प्रथम उपचार भी कराया। कार में सवार लोग लखनऊ से चंदौसी जा रहे थे। इसमें महिला कांस्टेबल व उसके शिक्षक पति रामभवन व उनके दो बच्चे सवार थे। महिला पुलिस कर्मी चंदौसी में तैनात है जबकि उनके पति कासगंज में शिक्षक के पद पर तैनात है। वह पत्नी को चंदौसी छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रहेड़िया के पास कार हाईवे किनारे पेड़ से टकरा गई। कार सवार ने वन विभाग के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। संवाद