उझानी। टैंट और कैटरिंग का सामान पहुंचाने के लिए चंदौसी से आ रहा कैंटर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। हादसे में कैंटर सवार मजदूर की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और हेल्पर कैंटर छोड़कर भाग गए। हादसा शनिवार रात करीब डेढ़ बजे उझानी- बिल्सी रोड पर कस्बे से सटे इलाके में एक बरातघर के सामने हुआ।
संभल जिले में चंदौसी से बिल्सी के रास्ते उझानी आ रहे कैंटर के बिजली के खंभे से भिड़ते ही तेज धमाका हो गया। इसके बाद कैंटर सड़क किनारे पलट गया। कैंटर में रखे सामान के ऊपर बैठे मजदूर इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव जाफरपुर निवासी पुष्पेंद्र (30) पुत्र अभयराम उर्फ बैराम नीचे दब गए।
चालक और हेल्पर तो मौके से भाग गए। साथी मजदूरों ने पुष्पेंद्र को बाहर निकाला। तब तक पुष्पेंद्र की मौत हो चुकी थी। पुष्पेंद्र का शव लेकर मजदूर अस्पताल भी पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक के साथी मजदूरों से उनके परिजनों के बारे में जानकारी की। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराके शव उनके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से भागे कैंटर के चालक और हेल्पर के बारे में छानबीन शुरू कर दी है।
टेंपो की टक्कर से दंपती घायल
बदायूं में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नरऊ बुजुर्ग निवासी रामदास (48) और उनकी पत्नी भगवान देवी (45) गंगा स्नान करने के लिए रविवार सुबह स्कूटी से निकले। उझानी कोतवाली क्षेत्र में दहेमू के पास सामने से आ रहे टेंपो ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में घायल दंपती का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्राथमिक उपचार कराया गया है। संवाद
पुष्पेंद्र की फाइल फोटो।