गर्मी के साथ ही बिजली ने धोखा देना शुरू कर दिया है। जहां बिजली विभाग पिछले लंबे समय से कटौती कर उपभोक्ताओं को परेशानी में डाल रहा है, वहीं बुधवार को नवादा पर केबल बॉक्स के जल जाने से करीब दो घंटा बिजली ने परेशान किया। बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं में रोष है।
यहां बता दे कि गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती शुरू हो गई है। रात में बिना शेड्यूल के बिजली कटौती ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। इसी बीच बुधवार की शाम करीब पांच बजे बिजली सप्लाई बंद हो गई। पनबड़िया उपकेंद्र शहर का महत्वपूर्ण उपकेंद्र है। इससे कई इलाकों को बिजली सप्लाई गुल हुई तो लोगों ने बिजली अधिकारियों को फोन करना शुरू कर दिए। बताया जाता है कि शाम करीब पांच बजे नवादा में केबल बॉक्स फुंक जाने के कारण बिजली गुल हो गई। पनबड़िया के बिजली कर्मचारियों को जब पता लगा तो आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। यहां स्पेयर में केबल होने के कारण फिलहाल उसे जोड़कर काम चला लिया गया। इसमें करीब दो घंटे का समय लगा। उपभोक्ताओं को बिजली चले जाने पर करीब एक घंटा ही बिजली मिल पाई थी कि रात नौ बजे तक के लिए फिर रोस्टिंग शुरू हो गई। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पनबड़िया सब स्टेशन शहर का महत्वपूर्ण सब स्टेशन है, जैसे ही उनको पता लगा कि नवादा में केबल बॉक्स फुंका है, कर्मचारियों के सहयोग से उसे ठीक कर सप्लाई चालू कर दी गई।
- डीके चौरसिया, अवर अभियंता, पनबड़िया बिजली उपकेंद्र