बदायूं। सपा सांसद आदित्य यादव ने लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान बदायूं की सड़क व्यवस्थाओं से जुड़े गंभीर मुद्दे को मजबूती से उठाया। उन्होंने बदायूं-मुरादाबाद, बदायूं-बिजनौर मुख्य मार्गों के चौड़ीकरण और नगर पंचायत वजीरगंज, नगर पालिका बिसौली व नगर पालिका बिल्सी में आवश्यक बाईपास निर्माण की मांग सरकार के समक्ष रखी।
सांसद ने कहा कि इन दोनों प्रमुख मार्गों पर बसे कस्बों में घनी आबादी के कारण लगातार भीषण जाम लगता है। इससे रोजाना हजारों लोगों को परेशानी होती है। स्कूली बच्चों, कर्मचारियों व मरीजों को समय से पहुंचना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि इन मार्गों पर वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिसके चलते एक्सीडेंट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
हाल ही में इसी मार्ग पर एक ही गांव के पांच लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है। सांसद ने कहा कि यदि वजीरगंज, बिसौली और बिल्सी में बाइपास का निर्माण हो जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण और बाइपास निर्माण पर तत्काल कार्रवाई की जाए।