बिल्सी और दातागंज विधायकों के प्रयास से मिली सफलता
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह व बिल्सी के भाजपा विधायक हरीश शाक्य इस काम के लिए लगातार प्रयासरत थे। दोनों विधायकों ने इसके लिए सीएम योगी से भी मुलाकात की थी। इसके बाद अब दोनों कस्बों में बाइपास निर्माण की मंजूरी मिली है। बाइपास निर्माण को लेकर जल्द ही आगे की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। भूमि अधिग्रहण, सर्वे और तकनीकी स्वीकृतियों के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। बाइपास बनने से न केवल जाम की समस्या दूर होगी, बल्कि जिले के इन दोनों प्रमुख कस्बों को विकास की नई रफ्तार भी मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज से निकलेगा दातागंज का बाइपास
दातागंज का बाइपास गंगा एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज से निकलेगा। करीब 9 किलोमीटर लंबा बाइपास कस्बे के बाहर से निकलेगा। इससे लखीमपुर, शाहजहांपुर आदि जिलों के जाने वाले वाहन आसानी से निकल सकेंगे। इसी तरह बिल्सी में बिजनौर मार्ग से सात किलोमीटर लंबा बाइपास बनेगा।
डीएम अवनीश राय ने बताया कि बिल्सी व दातागंज में बाइपास निर्माण को मंजूरी मिलने की जानकारी हुई है। संबंधित विभागों से वार्ता कर इसके लिए जल्द ही आगे का काम शुरू कराया जाएगा।