रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़
- फोटो : संवाद
होली का त्योहार अपनों के साथ मनाने के लिए घर लौटने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा है। बदायूं शहर के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर रविवार को यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। घर जाने के लिए लोग लंबी कतारों और भीड़भाड़ के बीच सफर करने को मजबूर दिखे। त्योहार के मद्देनजर परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के बस अड्डों पर सुबह से ही यात्रियों का जमावड़ा लग गया, जिससे बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। डग्गामार वाहनों और रोडवेज बसों, दोनों में ही क्षमता से अधिक यात्री सफर करते नजर आए।
यात्रियों का कहना था कि त्योहार पर घर पहुंचने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। रेलवे स्टेशनों का हाल भी कुछ अलग नहीं है। विशेषकर मथुरा और बरेली रूट पर चलने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखी गई। बरेली पैसेंजर, कासगंज पैसेंजर और लाल कुआं एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में स्थिति यह रही कि सामान्य बोगी में यात्रियों ने खड़े होकर सफर तय किया।
सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच खासी जद्दोजहद और मारामारी की स्थिति बनी रही। प्रशासन द्वारा अतिरिक्त व्यवस्थाओं के दावों के बावजूद, उमड़ती भीड़ के सामने संसाधन कम पड़ते दिखाई दिए। रेलवे स्टेशन परिसर और बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था तो तैनात थी, लेकिन भारी भीड़ के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। फिलहाल, घर पहुंचने की खुशी इन तमाम दिक्कतों पर भारी पड़ती दिख रही है।