बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार सुबह में कार ने घुमंतु परिवार के सदस्यों वाली बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।
कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव मानपुर नगरिया से घुमंतु परिवार के सदस्य तड़के चार बजे बदायूं की ओर को बैलगाड़ी से निकले। बैलगाड़ी पर भारत के परिवार के सदस्य सवार थे। रियोनइया के पास कार ने पीछे से बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। बैलगाड़ी चकनाचूर हो गई। उसमें रखा सामान भी सड़क पर बिखर गया।
बैलगाड़ी सवार भारत, उसकी 30 वर्षीय पत्नी किरन, सात वर्षीय पुत्र सनी, उसके भाई चंदन की पत्नी गुड्डी, उसकी सात वर्षीय बेटी सुमन घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया। घायलों में गुड्डो की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शादी की जिद में लगाया फांसी का फंदा
खुद की शादी की जिद पर अड़े युवक ने अपने परिवार को परेशानी में डाल दिया। धमकी देते हुए उसने गले में फांसी का फंदा लगा लिया। वह लटकने वाला ही था कि शोरगुल पर जुटे लोगों ने पुलिस को बुला लिया।
मामला मंगलवार सुबह का है। नगर के मोहल्ला गौतमपुरी निवासी राकेश की शादी नहीं हुई। दो दिन पहले उसने शादी के लिए घरवालों से जिद शुरू कर दी। मां ने रिश्ता आने पर ही बात आगे बढ़ाने की सलाह दी, तो वह बिफर पड़ा। कहासुनी के दौरान उसने गमछे से गले में फंदा लगा लिया। यह देख उसकी मां ने शोर मचा दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने राकेश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बाहर काम पर गए उसके पिता को भी बुलवाया है। राकेश फिलहाल कोतवाली में है।