दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भटौली में मंगलवार को संभल कांड होते-होते बच गया। जमीन के एक मामले में आरोपी असलहे लेकर पहुंच गए और जान से मारने की धमकी की। विरोध करने पर मारपीट भी की। पीड़ित महिला ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम भटौली निवासी रीना पत्नी गोपाल सिंह का आरोप है कि उसके परिवार वाले वर्षों से अपनी जगह में झोपड़ी डालकर रहते आए हैं। मंगलवार सुबह वह जगह पर निर्माण कराने की तैयारी कर रहे थे। परिवार वाले जगह में नींव खोद रहे थे। उसी समय आरोपी अवैध असलहे लेकर पहुंच गए। उन्होंने उनके परिवार वालों के साथ मारपीट की और उसके पति की ओर रायफल तान दी। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनके बेटे ने आरोपियों द्वारा असलहे लहराने का वीडियो भी बना लिया। आरोपियों ने उसकी देवरानी के साथ भी मारपीट की। उन्होंने थाना पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस को आरोपियों द्वारा असलहे लहराने की वीडियो भी दिखाई है। कोतवाली इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत आई है। जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।