बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में बुधवार को 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स (रायफल, रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग) एवं अलार्म एफिशिएंसी रेस प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में बरेली जोन के अमरोहा और बिजनौर को छोड़ अन्य जनपदों की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की शुरुआत अलार्म एफिशिएंसी रेस से हुई। इसमें पुलिस कर्मियों ने शारीरिक दक्षता, साहस, संतुलन और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न बाधाओं को पार किया। बदायूं की असॉल्ट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 10 मिनट 16 सेकंड में सभी बाधाएं पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बरेली की टीम ने 15 मिनट 10 सेकंड में रेस पूरी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। निर्धारित बाधाओं को सफलतापूर्वक पूरा न कर पाने वाली अन्य टीमें डिस क्वालीफाई कर दी गईं।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने प्रतिभागी पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों में शारीरिक दक्षता के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना और ड्यूटी के प्रति तत्परता को मजबूत करती हैं। इस दौरान एसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी राहुल पाण्डेय आदि मौजूद रहे।