दिव्यांगों को रेलवे स्टेशन पर शौचालय को लेकर अब दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रत्येक स्टेशन पर अलग से शौचालय बनेगा। उसके दरवाजे तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक रेलिंग भी लगेगी। रेलवे ने पूर्वोत्तर की ब्रॉडगेज लाइन के बदायूं और उझानी समेत प्रमुख स्टेशनों पर शौचालय निर्माण का काम शुरू करा दिया है।
रेलवे ने यह कदम दिव्यांगों की दिक्कतों के मद्दनेजर उठाया है। दिव्यांगों के लिए शौचालय निर्माण को निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी को पिछले महीना ही अधिकृत कर दिया था। प्लेटफार्म के नजदीक ही पुराने महिला-पुरुष शौचालयों के बराबर ही बनने वाले नए शौचालय में दिव्यांगों के अनुरूप सुविधा होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों में बदायूं, उझानी, कछला, सोरों और घटपुरी आदि पर शौचालय तो हैं लेकिन दिव्यांगों के लिए अलग से सुविधा नहीं थी। शौचालय निर्माण कार्य में जुटे निजी कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि इसी महीने में काम पूरा हो जाएगा।
दिव्यांगों की बोगियों में पहले से है व्यवस्था
उझानी। दिव्यांगों के लिए ट्रेन में शौचालय की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है लेकिन स्टेशनों पर अलग से शौचालय नहीं होने को लेकर दिव्यांगों की ओर से डिविजनल स्तर पर आवाज बुलंद की जाती रही थी। इसी के चलते रेलवे ने दिव्यांगों के लिए अलग से सुविधा देने की आवश्यकता महसूस की थी।
स्टेशन परिसर में प्लेटफार्म के नजदीक ही दिव्यांगों के लिए अलग से शौचालय के निर्माण का काम दो दिन पहले ही शुरू हुआ है। शौचालय निर्माण हो जाने के बाद दिव्यांगों को परेशानी भी नहीं होगी।
- एसके यादव, स्टेशन अधीक्षक