बरगद के नीचे दबा है विशाल कुआं
ककोड़ा के मूल निवासी महंत नन्हेंदास ने बताया कि मंदिर में आज भी देवी का सिर और धड़ अलग-अलग स्थापित होना श्रद्धालुओं को इस कथा की याद दिलाती है। मंदिर परिसर में मौजूद विशाल बरगद के नीचे प्राचीन कुएं के दबे होने की मान्यता भी इसी युद्ध से जुड़ी हुई है। कहा जाता है कि कुएं में रुहेलाओं के युद्ध में इस्तेमाल किए गए अस्त्र-शस्त्र दबे हैं। समय के साथ बरगद की जड़ें और मिट्टी इस कुएं को ढकती चली गईं। हालांकि इन अस्त्र-शस्त्रों की मौजूदगी की मान्यता को लेकर कोई पुरातात्विक पुष्टि सामने नहीं आई है।
नवाब अब्दुल्ला के रोगमुक्त होने से शुरू हुई थी मेले की परंपरा
ककोड़ा मेले के इतिहास में नवाब अब्दुल्ला और ध्यान मुनि का प्रसंग भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इतिहास के अनुसार, अफगानिस्तान के रुह क्षेत्र से 18वीं सदी के प्रारंभ में दाऊद खां अपने साथियों के साथ घोड़ों का व्यापार करने यहां आए थे। दिल्ली के बादशाह मोहम्मद शाह ने उन्हें नवाब का दर्जा दिया।
वर्ष 1749 में अली मोहम्मद खां के निधन के बाद रुहेलखंड के विभिन्न क्षेत्रों को उनके छह बेटों और अन्य सरदारों में बांटा गया। उझानी और उसके आसपास का क्षेत्र नवाब के बड़े बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला के हिस्से में आया। नवाब अब्दुल्ला खां सर्प पालने और शिकार करने के शौकीन थे, बाद में कुष्ठ रोग से पीड़ित हो गए थे।
उन दिनों गंगा ककोड़ देवी मंदिर के समीप से होकर बहती थीं। इसी स्थान पर नवाब अब्दुल्ला की मुलाकात ध्यान मुनि नाम के संत से हुई। मुनि के निर्देश पर नवाब ने गंगा स्नान और ककोड़ देवी के नियमित दर्शन शुरू किए। किंवदंती है कि कुछ समय में उनका रोग ठीक हो गया। गंगा और ककोड़ देवी की महिमा से प्रभावित होकर नवाब ने मेला लगवाना शुरू किया था।