फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

थाने में पुलिस को चकमा: हथकड़ी समेत शौचालय के रोशनदान से निकल भागा आरोपी, बाहर रस्सी पकड़े खड़ा रहा सिपाही

Sat, 31 Oct 2026 08:38 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं के जरीफनगर थाने में सिलिंडर चोरी का आरोपी हथकड़ी समेत शौचालय के रोशनदान से फरार हो गया। सिपाही बाहर रस्सी पकड़े खड़ा रहा। आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें जुटी हैं।
 
विज्ञापन
आरोपी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं जिले में गैस सिलिंडर चोरी करने के आरोप में हिरासत में लिया गया आरोपी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन शुक्रवार की रात करीब आठ बजे हथकड़ी सहित जरीफनगर थाने से भाग गया। आरोपी शौच करने के बहाने शौचालय गया था। जबकि सिपाही शौचालय के बाहर रस्सी पकडे खड़ा रहा और आरोपी शौचालय के रोशनदान से कूदकर भाग गया। काफी देर तक आरोपी के बाहर नहीं आने पर शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया। इस घटना के बाद थाने में खलबली मच गई। काफी देर तक तलाश के बाद आरोपी पकड़ में नहीं आया तो थानाध्यक्ष ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। 

विज्ञापन


जरीफनगर थाने के पुलिसकर्मियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को दहगवां चौराहे स्थित सपा नेता लड्डन मियां के पेट्रोल पंप से सिलिंडर चोरी हुआ था। चोरी के बाद सिलिंडर खेत में फेंक दिया गया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर महिपाल ने जरीफनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले में शुक्रवार शाम आरोपी नगर पंचायत दहगवां के वार्ड एक निवासी टिकाऊ उर्फ प्रिंस को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। 

Trending Videos

जीडी में दर्ज नहीं किया आरोपी का नाम 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का नाम और विवरण थाने की सामान्य डायरी (जीडी) में दर्ज नहीं किया गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी भाग ना जाए, इस वजह से उसके हथकड़ी लगाई थी। पुलिस ने गिरफ्तारी न दिखाकर पूछताछ के लिए थाने लाए जाने का तस्करा दर्ज कर लिया था। मामले में एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि सिलिंडर चोरी के आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान वह शौचालय जाने के बहाने मौका पाकर भाग निकला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी के विरुद्ध सिलिंडर चोरी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज है। 
विज्ञापन

ऐसे फरार हुआ आरोपी, रोशनदान में नहीं था जंगला 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, थाने में पुलिस अभिरक्षा में ही आरोपी ने हथकड़ी की सिलाई खोल ली थी और शौचालय के ऐसे रोशनदान से बाहर निकल गया, जिसमें जंगला नहीं लगा था। हैरानी की बात यह है कि सिपाही शौचालय के बाहर रस्सी पकड़े खड़ा रहा, लेकिन उसे आरोपी के भागने की भनक नहीं लगी। काफी देर होने पर सिपाही ने आरोपी को आवाज दी, जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खटखटाया। इसके बाद उसने रस्सी खींची तो वह आसानी से बाहर आ गई। तब लात मार कर दरवाजा तोड़कर देखा तो वहां से आरोपी फरार था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें