प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए, उन्हें विभागीय जांच में शामिल किया गया है। इसके साथ विभागीय जांच में मूसाझाग थाने में इंस्पेक्टर और दरोगा की तैनाती की भी जांच की जा रही है। वहीं, दोहरे हत्याकांड की प्रारंभिक जांच में दोषी मिले निलंबित इंस्पेक्टर अजय कुमार को बहाल करने के मामले को लेकर अधिकारियों की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि दरोगा धर्मेंद्र का निलंबन अभी तक जारी है।
हर्षित के पिता ने एसएसपी से बात कर जताई आपत्ति
हर्षित मिश्रा के पिता सुशील मिश्रा ने दोषी इंस्पेक्टर को बहाल करने को लेकर पुलिस अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर बहाली पर आपत्ति जताई है, हर्षित के पिता ने बताया कि एसएसपी से फोन पर बात हुई तब उन्होंने कहा कि दोषी इंस्पेक्टर के परिजन मिले थे, उन्होंने आर्थिक तंगी की बात कही, इसलिए बहाल किया है। उन्होंने बताया कि दोहरे हत्याकांड में पुलिस अफसरों का रवैया शुरुआत से खराब रहा है।