प्रारंभिक जांच में भी सामने आई थी लापरवाही
मामले की प्रारंभिक जांच मई में पूरी हुई थी। जिसमें इंस्पेक्टर अजय कुमार और हलका दरोगा धर्मेंद्र की लापरवाही सामने आई थी। जांच में शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने और अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने की बात सामने आई। इसके बाद विस्तृत विभागीय जांच शुरू हुई। अगस्त में इंस्पेक्टर अजय कुमार को बहाल किया गया था। उस समय हलका दरोगा धर्मेंद्र और तीन सिपाहियों का निलंबन जारी था।
पांच आरोपियों के खिलाफ दाखिल हो चुकी है चार्जशीट
दोहरे हत्याकांड की विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह समेत पांच आरोपियों के खिलाफ तीन जून को न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था। मामले में अदालत में गवाहों के बयान दर्ज होने की प्रक्रिया चल रही है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद मृतक सुधीर गुप्ता के परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात कर साजिश की पूरी जानकारी सामने लाने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की थी।
दोहरे हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके तहेरे भाई अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई थी। अभय प्रताप ने हाईकोर्ट में रासुका की कार्रवाई को चुनौती दी थी। जिसके बाद हाईकोर्ट में डिवीजन बेंच ने सुनवाई करते हुए 19 नवंबर को अभय प्रताप पर रासुका की कार्रवाई को निरस्त कर दिया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि एचपीसीएल कांड में विभागीय जांच पूरी हो गई है। दरोगा धर्मेंद्र सिंह दोषी मिले हैं। बर्खास्तगी की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट डीआईजी को भेज दी गई है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर डीआईजी के स्तर से कार्रवाई की जाएगी।