जिले में बिनावर, दबतोरी और नाधा नए ब्लाक बन गए हैं। तीनों नए ब्लॉकों के गठन का प्रदेश सरकार ने मंगलवार को शासनादेश जारी कर दिया। जिले में अब फिर से 18 ब्लाक हो गए हैं, संभल के गठन के बाद गुन्नौर विधानसभा अलग होने से जिले में 15 ब्लाक ही रह गए थे। तीनों ब्लाकों के गठन के लिए सांसद धर्मेंद्र यादव काफी समय से प्रयासरत थे। जिला प्रशासन की ओर से तीनों का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेज दिया गया था। विधानसभा चुनाव के ऐलान के ऐन पहले शासन ने इसका शासनादेश जारी कर दिया।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को बदायूं में लैपटॉप वितरण समारोह के दौरान तीन नए ब्लाक का शासनादेश जारी होने की बात कही थी। सोमवार को शासनादेश जारी होने के बाद उन्होंने कहा कि तीन नए ब्लॉकों के सृजन से क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। ग्रामों और ब्लॉक की दूरी कम होगी।