उसावां। सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की बाल्टी फेंक दी। महिला की चीख पर परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें लाठी-डंडों से पीट दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इस प्रकरण में शिकायती पत्र थाना पुलिस को दिया। पुलिस ने चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्राम कलक्टरगंज निवासी काशीराम की मानसिक रूप से अस्वस्थ पत्नी सुनीता घर के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। इस दौरान पड़ोस के टिंकू, जयराम, मुकेश पुत्रगण श्रीपाल व श्रीपाल पुत्र हीरालाल आ गए। खुद पानी भरने को लेकर उन्होंने महिला से बाल्टी हटाने को कहा। उसने बाल्टी नहीं हटाई तो इन लोगों ने उसकी बाल्टी उठाकर फेंक दी। इस पर महिला चीख पड़ी।
उसकी चीख सुनकर महिला की देवरानी राजेश्वरी, देवर प्रदीप, प्रेम सिंह व पति काशीराम मौके पर पहुंच गए। बाल्टी फेंकने की वजह पूछने पर इन चारों लोगों ने लाठी-डंडों से इन पर हमला कर दिया और जमकर पीटना शुरू कर दिया। जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए। महिला की देवरानी राजेश्वरी की तहरीर पर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।