कादरचौक। बंटवारे और मकान में दरवाजा लगाए जाने को लेकर एक परिवार दो खेमों में बंट गया। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद जमकर ईंट-पत्थर चले। इससे दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। इसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।
थाना क्षेत्र के गांव असरासी में एक ही परिवार के रामवीर और छत्रपाल के बीच बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की दोपहर दोनों पक्ष दरवाजा लगाए जाने को लेकर आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद ईंट-पत्थर चलने लगे। जिसमें चार महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए। बता दें कि झगड़े से कुछ समय पहले ही एक सिपाही मुचलका पाबंदी का दोनों पक्षों को नोटिस तामील कराकर गया था।
मारपीट और पथराव में छत्रपाल पक्ष से मायादेवी (45), मुन्नालाल (40), पिंटू (27) व राम सहाय (55) और दूसरे पक्ष से रामवीर (50), अमीरा देवी (45), गोपी (30), गंगाराम (40), मीरादेवी (42) व गुड्डो (35) घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी कादरचौक भेजा गया है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।